रायपुर। राजधानी रायपुर में गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर 18 से 22 दिसंबर 2025 तक मेगा हेल्थ कैंप-2025 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह विशाल स्वास्थ्य शिविर आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में आयोजित होगा, जो प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। आयोजकों के अनुसार, यह छत्तीसगढ़ का अब तक का सबसे बड़ा हेल्थ कैंप होगा।
यह भी पढ़े :- CG CRIME : सुबह-सुबह फैली दहशत, रेत के ढेर पर मिला शव
पांच दिवसीय इस स्वास्थ्य महाअभियान में देशभर के ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के प्रमुख अस्पतालों की टीम निशुल्क जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध कराएगी। आयोजकों ने बताया कि अब तक 18 हजार से अधिक लोगों ने पंजीयन करा लिया है और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।
एक छत के नीचे जांच से इलाज तक सुविधा
हेल्थ कैंप के आयोजक और पश्चिम विधायक राजेश मुणत ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मरीजों को जांच से लेकर इलाज तक की सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। आमतौर पर मरीजों को छोटी-छोटी जांचों के लिए भी अलग-अलग जगह भटकना पड़ता है, लेकिन इस कैंप में सिलसिलेवार और व्यवस्थित इलाज की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि कैंप में रोजाना 8 से 10 हजार मरीजों की जांच की व्यवस्था की गई है। देश के नामी डॉक्टर और प्रदेश के प्रमुख अस्पतालों के विशेषज्ञ इस शिविर में अपनी सेवाएं देंगे।
ब्रेस्ट कैंसर जांच पर विशेष फोकस
बढ़ते ब्रेस्ट कैंसर मामलों को देखते हुए इस बार दिल्ली से विशेष मशीन और विशेषज्ञ टीम बुलाई गई है। किसी भी महिला में समस्या पाए जाने पर तत्काल इलाज की सुविधा भी कैंप में ही उपलब्ध कराई जाएगी।
पूरी तरह निशुल्क, आमजन से अपील
विधायक राजेश मुणत ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि लोग अपने और परिवार के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए इस मेगा हेल्थ कैंप का लाभ उठाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिविर में किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा और यह आयोजन पूरी तरह से निशुल्क है।



