रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे तिल्दा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां वार्ड नंबर 15 में रेत के ढेर के पास एक युवक का खून से सना शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मृतक के पेट और छाती पर कई गहरे घाव थे, जिससे पुलिस को प्रथम दृष्टया चाकू से बार-बार वार कर हत्या करने की संभावना लग रही है।
यह भी पढ़े :- लोकसभा में विरोध के बीच ‘जी-राम-जी’ विधेयक पारित, विपक्ष ने सदन में फाड़े कागज़
सुबह-सुबह स्थानीय निवासियों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने फौरन तिल्दा पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पुलिस बल के साथ वरिष्ठ अधिकारी, क्राइम यूनिट और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण सबूत इकट्ठा करने की कार्रवाई शुरू की।
मृतक की शिनाख्त ललित यादव, नेवरा का निवासी, के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। साथ ही अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर छानबीन तेज कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ चल रही है और नजदीकी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है।



