दुर्ग-भिलाई। नेहरू नगर इलाके में मंगलवार रात एक मामूली सैंडविच विवाद हिंसक रूप ले लिया। सैंडविच खाने के बाद पैसे न देने को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए और पुलिस ने दोनों ओर से शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- CM के गृह जिले में किसान बिफरे, धान मंडी पर धान लेकर सड़क पर बैठ गए
किस तरह शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शिवशंकर कुर्रे, जो नेहरू नगर में किराए से रहते हैं और सड़क किनारे सैंडविच-बर्गर का ठेला लगाते हैं, ने बताया कि 16 दिसंबर को रात करीब 9 बजे उदय क्षत्री और हेमंत क्षत्री उसके ठेले पर आए। सैंडविच की कीमत 40 रुपये प्रति प्लेट बताने के बाद दोनों ने सैंडविच खाया, लेकिन पैसे देने के बजाय “कल दूंगा” कहकर टालने लगे।
उधारी देने से मना करने पर दोनों युवक नशे की हालत में गाली-गलौज करने लगे और हाथ-मुक्कों व पत्थर से हमला कर दिया, जिससे शिवशंकर और उनके भाई बृजमोहन कुर्रे घायल हो गए।
झगड़ा बढ़ा और तोड़फोड़ हुई
आरोप है कि इसके बाद उदय ने अपने साथी काशी तांडी और अन्य लोगों को बुलाया। सभी ने मिलकर डंडों और हाथ-मुक्कों से हमला किया। इस हमले में बृजमोहन के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, साथ ही ठेले में करीब 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
दूसरे पक्ष का आरोप
काशी तांडी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उदय के बुलाने पर वह मौके पर पहुंचे, जहां शिवशंकर और उसके भाई उनके साथियों पर हमला कर रहे थे। उनके अनुसार भी उन्हें चोटें आईं।
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने चाकूबाजी की आशंका जताई, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।



