भिलाई। एशिया के सबसे बड़े स्टील प्लांट भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में कार्यरत कर्मचारी लगातार बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं से परेशान हैं।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज हंगामेदार प्रश्नकाल, पांच मंत्री देंगे जवाब
बीते एक वर्ष में कुल 31 दोपहिया वाहन चोरी हो चुके हैं, जिनमें से 23 बाइक BSP की ऑथराइज्ड पार्किंग से चोरी हुई हैं। औसतन हर महीने 3 से 4 बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
CCTV फुटेज देने के बाद भी नहीं मिली बाइक
7 नवंबर को BSP के RTS में कार्यरत ठेका श्रमिक विपिन साहू की बाइक मेन गेट की पार्किंग से चोरी हो गई। पीड़ित ने तत्काल थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को CCTV फुटेज भी सौंपा, लेकिन एक महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद न तो बाइक बरामद हुई और न ही आरोपी पकड़े जा सके।
पुलिस–प्रबंधन के बीच जिम्मेदारी का खेल
भट्टी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर BSP प्रबंधन को पत्र लिखा गया है। वहीं BSP प्रबंधन ने चोरी की जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि ठेका श्रमिकों ने बाइक पास नहीं बनवाया, इसलिए वे जिम्मेदार नहीं हैं।
सबसे ज्यादा चोरी मेन गेट के बाहर
BSP कर्मचारियों के अनुसार, प्लांट परिसर और आसपास बाइक व साइकिल चोरी की घटनाएं लंबे समय से जारी हैं। 1 जनवरी से 14 दिसंबर 2025 तक दर्ज मामलों के अनुसार—
- 19 बाइक BSP मेन गेट के बाहर पार्किंग से चोरी
- 4 बाइक बोरिया गेट की पार्किंग से गायब
- 2 बाइक गणेश पूजा पंडाल से
- 2 बाइक सेक्टर-1 गार्डन से
- 1 बाइक बिलेट यार्ड कंट्रोल रूम के बाहर से
- 1 बाइक सेक्टर-3 चाइना मार्केट से
- 1 बाइक बीटीआई भवन की पार्किंग से
- 1 बाइक IR विभाग कार्यालय के बाहर से चोरी
इन सभी मामलों में पुलिस कार्रवाई FIR तक ही सीमित रही है और अब तक किसी भी पीड़ित को उसकी बाइक वापस नहीं मिली है।
हर महीने बढ़ रहा चोरी का ग्राफ
आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में सबसे ज्यादा 8 बाइक चोरी हुईं। इसके बाद फरवरी में 2, मार्च में 4, अप्रैल में 2, जून में 3, जुलाई में 2, अगस्त में 1, सितंबर में 2, अक्टूबर में 1, नवंबर में 4 और 14 दिसंबर तक 2 बाइक चोरी की घटनाएं दर्ज की गई हैं।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से BSP कर्मचारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस व प्रबंधन दोनों से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



