रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से नवनिर्मित विधानसभा भवन में शुरू हो रहा है। यह चार दिवसीय सत्र 14 से 17 दिसंबर तक चलेगा। सत्र के पहले ही दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के आसार हैं। आज सदन में ‘विजन 2047’ विषय पर चर्चा प्रस्तावित है, लेकिन कांग्रेस ने इस चर्चा में भाग नहीं लेने और पहले दिन की कार्यवाही का बहिष्कार करने का ऐलान किया है।
सत्र के दौरान कुल चार बैठकें आयोजित होंगी। विधानसभा को कुल 628 प्रश्नों की सूचना प्राप्त हुई है, जिनमें 333 तारांकित और 295 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इनमें से 99.17 प्रतिशत प्रश्न ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा 48 ध्यानाकर्षण सूचनाएं, एक लोक महत्व का विषय, 9 अशासकीय संकल्प, 4 शून्यकाल और 77 याचिकाओं पर चर्चा प्रस्तावित है।
16 दिसंबर को सदन में अनुपूरक मांगों पर चर्चा की जाएगी। वहीं छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शर्तों का विनिमय) संशोधन विधेयक, 2025 (क्रमांक 28/2025) को पारित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रतिवेदन भी सदन के पटल पर रखे जाएंगे।
नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सत्र के लिए रणनीति तय की गई। बैठक के बाद कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह ‘विजन 2047’ पर चर्चा में भाग नहीं लेगी और पहले दिन की कार्यवाही का बहिष्कार करेगी। ऐसे में शीतकालीन सत्र की शुरुआत हंगामेदार रहने की पूरी संभावना जताई जा रही है।



