नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बदलाव करते हुए बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

संसदीय बोर्ड की मंजूरी
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, नितिन नबीन की इस नियुक्ति को पार्टी के संसदीय बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है। वर्तमान में नितिन नबीन नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार सरकार में पथ निर्माण विभाग के मंत्री हैं।
यह संगठनात्मक फेरबदल ऐसे समय में किया गया है, जब पार्टी अपने शीर्ष नेतृत्व ढांचे में बदलाव की प्रक्रिया में है। मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जनवरी 2020 से इस पद पर हैं और उन्हें 2024 के लोकसभा चुनावों को देखते हुए कार्यकाल विस्तार भी दिया गया था।
कौन हैं नितिन नबीन
नितिन नबीन बिहार भाजपा के अनुभवी और जमीनी नेता माने जाते हैं। उनका जन्म पटना में हुआ। वे दिवंगत नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं, जो स्वयं भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रहे। पिता के निधन के बाद नितिन नबीन ने सक्रिय राजनीति में कदम रखा।
विधायक बनने का सफर
नितिन नबीन पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 2006 में उपचुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया और इसके बाद लगातार चुनाव जीतते हुए अब तक पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। हालिया विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 52 हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया।
संगठन और सरकार में लंबा अनुभव
नितिन नबीन भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। संगठन में रहते हुए उन्होंने बिहार, सिक्किम और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव प्रभारी और वर्तमान में राज्य प्रभारी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
सरकार में वे पथ निर्माण, नगर विकास एवं आवास तथा विधि जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
सामाजिक और संगठनात्मक पहचान
रामनवमी शोभायात्रा आयोजन, प्रतिभा सम्मान समारोह और युवाओं को संगठित करने जैसे कार्यक्रमों के जरिए नितिन नबीन की सामाजिक पहचान भी मजबूत रही है।



