रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन में ‘विजन 2047’ पर विशेष चर्चा हुई। इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि विजन 2047 विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में एक दूरदर्शी और ठोस दस्तावेज है, जिसे समाज के हर वर्ग की भागीदारी से तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस दस्तावेज के निर्माण में करीब एक लाख लोगों के सुझाव शामिल किए गए हैं।
यह भी पढ़े :- MPPSC FSO Exam 2025 Live Update: परीक्षा केंद्र पर जाने से पहले जान लें ये 5 जरूरी नियम! 42 हजार अभ्यर्थी देंगे टेस्ट
वित्त मंत्री ने कहा कि आज भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल सवाल उठाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि भविष्य के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय करना ज्यादा जरूरी है। आगे बढ़ने के लिए विजन होना अनिवार्य है।
ओपी चौधरी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था आज दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंच चुकी है और वर्ष 2047 तक इसके 64 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। आने वाली पीढ़ी के पास विकास और समृद्धि के बड़े अवसर होंगे और इसी सोच के साथ छत्तीसगढ़ के लिए भी समग्र विकास का विजन तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि विजन 2047 का फोकस महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी को दूर करने, शिशु मृत्यु दर में कमी, तथा कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र की विकास दर को तेज करने पर है। इसके साथ ही राज्य में राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों की स्थापना और रोजगार सृजन को केंद्र में रखकर नई नीतियां लाई गई हैं।
वित्त मंत्री ने विश्वास जताया कि ‘विजन 2047’ छत्तीसगढ़ को विकसित राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा और राज्य को दीर्घकालीन विकास की मजबूत दिशा देगा।



