रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि बीते दो साल उपलब्धियों से भरे रहे हैं। सरकार ने किसानों, युवाओं, महिलाओं, भूमिहीनों और गरीबों सहित हर वर्ग के सपनों को साकार करने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।
यह भी पढ़े :- ट्रम्प के 50% टैरिफ पर अमेरिका में बगावत! भारत के समर्थन में संसद में प्रस्ताव
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार गठन के साथ ही पहली कैबिनेट बैठक में ‘मोदी की गारंटी’ को पूरा करने का निर्णय लिया गया था, जिसे लगातार अमल में लाया जा रहा है। विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारी की जा रही है।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर अरुण साव ने बताया कि रविवार से सत्र की शुरुआत होगी। इस दौरान ‘विजन 2047’ पर विशेष चर्चा प्रस्तावित है, वहीं ‘वंदे मातरम्’ पर भी चर्चा संभव है। विजन 2047 पर विपक्ष के बहिष्कार के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह विपक्ष का निजी निर्णय है। विधानसभा संवाद और चर्चा का मंच है, ऐसे में जिम्मेदार विपक्ष को विकसित छत्तीसगढ़ पर होने वाली चर्चा में शामिल होना चाहिए।
बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह पर उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री शामिल होंगे। बस्तर ओलंपिक में 3.97 लाख युवाओं ने पंजीयन कराया, जबकि तीन हजार से अधिक खिलाड़ी इसमें पहुंचे। उद्घाटन समारोह में बॉक्सिंग स्टार मैरी कॉम मौजूद थीं, वहीं समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया शिरकत करेंगे। उनके आगमन से बस्तर के युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी।



