राजनांदगांव। जिलेभर की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर के सामने फ्लायओवर के नीचे तीन दिवसीय हड़ताल पर बैठ गई हैं। प्रदर्शनकारियों ने राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को पूरी करने की चेतावनी दी।
यह भी पढ़े :- स्मार्ट मीटर जनता के जेब पर डकैती का सरकारी सिस्टम है – कांग्रेस
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे पहले भी कई बार आंदोलन और धरना कर चुकी हैं, लेकिन सरकार उनकी बातों को अनसुना कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे उग्र आंदोलन को मजबूर होंगी।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार उनसे अत्यधिक काम ले रही है और उन्हें एसआईआर के कार्यों में भी ड्यूटी लगाई जा रही है, बावजूद इसके उनकी मांगें पूरी नहीं हो रही हैं। उनका कहना है कि उन्हें मजदूर का दर्जा नहीं दिया गया है और न्यूनतम वेतनमान 26 हजार रुपये होना चाहिए।
देशभर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता 10 दिनों की हड़ताल पर हैं, जबकि छत्तीसगढ़ में फिलहाल वे तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर रही हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और भी तेज किया जाएगा।



