रायपुर। थाना तेलीबांधा क्षेत्र के VIP रोड स्थित राम मंदिर के बाहर सोने की चेन लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 7.30 बजे निधिस राव अपने मित्र अभिषेक दुबे के साथ राम मंदिर दर्शन के बाद सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान होंडा साइन मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे, गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी दी और चाकू दिखाकर निधिस के गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। CCTV फुटेज एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी हसमुख महानंद को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया और लूटी गई सोने की चेन अपने साथी की मौसी कौशिल्या महेश्वरी को दे दी थी। पुलिस ने कौशिल्या महेश्वरी को भी गिरफ्तार कर उसके पास से लूटी गई सोने की चेन बरामद की।
जांच में सामने आया कि महिला आरोपी ने यह जानते हुए भी कि चेन लूटी की है, उसे बेचने के उद्देश्य से अपने पास रखा था, जिसके चलते उस पर धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
हसमुख महानंद (19 वर्ष), निवासी – संकल्प होम सोसायटी, लाभाण्डी, थाना तेलीबांधा, रायपुर
कौशिल्या महेश्वरी (35 वर्ष), निवासी – सूरज नगर, बंगाली किराना स्टोर्स के पास, लाभाण्डी, थाना तेलीबांधा, रायपुर
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



