रायपुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर खूनी वारदात को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने उत्तर प्रदेश के ठेकेदार इम्तियाज अली का गला काटकर हत्या कर दी। घटना पामेड़ थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने पहले ठेकेदार के मुंशी को अगवा किया, और जब ठेकेदार उसे बचाने गया तो उसकी हत्या कर दी।
यह भी पढ़े :- UPSC-CSE 2024 : छत्तीसगढ़ को मिले 3 नए IAS अधिकारी
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद नक्सलियों ने शव को जंगल में फेंक दिया था, जिसे बरामद कर चिंतागुफा थाना लाया गया है। मृतक के परिजन वहां पहुंच रहे हैं।
सड़क निर्माण कार्य के विरोध में हत्या
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत रासपल्ली से पीनाचंदा के बीच 18 किमी सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। नक्सली लंबे समय से इस कार्य का विरोध कर रहे थे। मौका मिलने पर उन्होंने ठेकेदार की हत्या कर दी और मौके पर पर्चा फेंककर पामेड़ एरिया कमेटी ने जिम्मेदारी ली।
शिक्षादूतों की हत्या से दहशत
10 शिक्षकों को कुल्हाड़ी और चाकू से काटकर मार डाला
प्रदेश में नक्सलियों का आतंक लगातार बढ़ते हिंसक स्वरूप में सामने आ रहा है। हाल ही में बस्तर संभाग में 10 शिक्षादूतों की धारदार हथियारों से हत्या की गई। इनमें:
- बीजापुर में 5
- सुकमा में 3
- नारायणपुर में 2 शिक्षक शामिल थे।
आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा की रोशनी फैलाने वाले इन गुरुओं को नक्सलियों ने क्रूरता से मौत के घाट उतार दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
25 साल में 1820 से अधिक हत्याएं
राज्य गठन के बाद पिछले 25 वर्षों में बस्तर के विभिन्न जिलों में नक्सलियों द्वारा 1820 से ज्यादा मौतें की गई हैं।
इनमें आम नागरिकों से लेकर जनप्रतिनिधि तक शामिल हैं।
सबसे ज्यादा हत्याएं बीजापुर जिले में दर्ज की गई हैं।



