जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने बाहरी क्षेत्रों से अवैध धान के प्रवेश को रोकने के लिए चेकपोस्ट स्थापित कर निगरानी तेज कर दी है।
यह भी पढ़े :- गाइडलाइन दरों में किये गये बड़े जनहितैषी सुधार -ओपी चौधरी
इस कड़ी में बलौदा तहसील के अंगारखार और हरदीविशाल गांवों में विशेष छापेमारी के दौरान कुल 183 बोरी धान और एक वाहन जब्त किया गया। अंगारखार में सुमीत लहरे के कब्जे से 113 बोरी (45.20 क्विंटल) और हरदीविशाल में अवैध परिवहन के दौरान पकड़े गए व्यक्तियों के कब्जे से 70 बोरी (28 क्विंटल) धान के साथ वाहन बरामद हुआ।
कलेक्टर महोबे ने कहा कि जिले में अनियमित धान भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें और तुरंत कठोर कार्रवाई करें।
प्रशासन का उद्देश्य किसानों और सरकार दोनों के हित में धान की सही खरीदी और भंडारण सुनिश्चित करना है। इस कार्रवाई से जिले में अवैध धान की खरीद-फरोख्त और परिवहन में गिरावट आने की उम्मीद है।



