रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने बूढ़ातालाब स्वामी विवेकानंद सरोवर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 5 करोड़ रुपये की लागत से लगाए गए फाउंटेन के लंबे समय से बंद रहने पर कड़ा रुख अपनाया है। महापौर को प्रतिदिन सुबह-शाम यहां आने वाले नागरिकों से शिकायत मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचीं और स्थिति का निरीक्षण किया।
यह भी पढ़े :- बाबरी मस्जिद निर्माण का विवादित अध्याय…हुमायूँ कबीर ने विरोधियों को दी सीधी चुनौती! जानें उस दिन क्या-क्या हुआ था?
फाउंटेन को निष्क्रिय अवस्था में देखकर उन्होंने रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों को तत्काल स्थल पर बुलाया और उप अभियंता शुभम तिवारी व योगेन्द्र साहू से जवाब-तलब किया।
ठेकेदार को नोटिस, 25 लाख की अमानत राशि राजसात करने के आदेश
महापौर ने फाउंटेन को समय पर चालू नहीं करने पर नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिए कि-
- ठेकेदार को तुरंत नोटिस जारी किया जाए
- स्मार्ट सिटी के पास जमा 5 प्रतिशत अमानत राशि (25 लाख रुपये) को तत्काल राजसात किया जाए
गौरतलब है कि ठेका अनुबंध की अवधि समाप्त होने में लगभग एक माह शेष है।
फाउंटेन जल्द शुरू करने के निर्देश
महापौर मीनल चौबे ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अधिकारियों को फाउंटेन चालू कराने के निर्देश दिए और कहा—
“जनहित और जनसुविधा से जुड़े सभी कार्यों में उपयोग की गई सरकारी राशि का 100% सदुपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाएगा।”
उल्लेखनीय है कि बूढ़ातालाब शहर का प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटन स्थल है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग और इवनिंग वॉक के लिए पहुंचते हैं।



