रिपोर्ट – नसीम खान
Raid in fake cigarette factory : अंबिकापुर में नामी कंपनी के पैकेट में नकली सिगरेट बेचने के मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने शहर के कपिल मित्तल एंड संस के अग्रसेन मार्ग स्थित गोदाम और राम मंदिर रोड पर स्थित निवास में छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से दो पिकअप में भरी गोल्ड फ्लेक, फ्लेग और लिबर्टी इंडीमेंड ब्रांड की बड़ी मात्रा में नकली सिगरेट जब्त की है।
सूत्रों के अनुसार ब्रांडेड सिगरेट की नकली बिक्री को लेकर काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं। आईटीसी कंपनी के नई दिल्ली कार्यालय से आए अधिकारी सदानंद मिश्रा पिछले एक वर्ष से इस अवैध कारोबार पर नजर बनाए हुए थे। पुष्टि होने पर उन्होंने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने कॉपीराइट्स एक्ट संशोधित अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया और छापेमारी की। मौके से भारी मात्रा में नकली माल बरामद किया गया है।
राम मंदिर रोड निवासी कपिल मित्तल पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और आशंका है कि यह नकली सिगरेट कारोबार शहर सहित आसपास के कई जिलों तक फैला हो सकता है।



