रायपुर : दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बेहद चालाकी से बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। ग्राम कपसदा के पास बदमाशों ने कैश एजेंसी के कर्मचारियों को झांसे में लेकर लगभग 14 लाख 60 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
सरगुजा में फिर उभरा अवैध कोयला कारोबार, जंगलों से चोरी का खेल तेज़ – 3 टन कोयला जब्त
घटना शनिवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच गोयल स्कूल के पास घटी। कैश एजेंसी के दो कर्मचारी एटीएम में रकम जमा कराने जा रहे थे, तभी सड़क पर दो युवक बाइक से गिरते हुए नजर आए। घायल समझकर जैसे ही कर्मचारी मदद के लिए वाहन से नीचे उतरे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने गाड़ी में रखे कैश से भरे बैग पर हाथ साफ कर दिया और पलक झपकते ही फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस में हड़कंप मच गया। पूरे इलाके को तत्काल सील कर दिया गया। प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई, लेकिन देर रात तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से इलाके के लोगों में भारी दहशत है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।



