भिलाई। शहर में सूदखोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां घरेलू जरूरतों के लिए 3 लाख रुपए उधार लेने वाले BSP कर्मचारी से दबंगों ने 10 लाख रुपए तक वसूल कर लिए। आरोप है कि रिटायरमेंट का पैसा ट्रांसफर कराने पहुंचे कर्मचारी से बैंक में ही धमकाकर रकम छीनी गई। घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े ;- समूचे राष्ट्र में नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर- संतोष पांडेय
जानकारी के अनुसार, फरवरी में कर्मचारी ने 3 लाख रुपए प्रदीप नायक से उधार लिए थे, जो ब्याज पर पैसा देने का काम करता है। उधार देते समय आरोपियों ने उससे 5 ब्लैंक चेक और दो एग्रीमेंट पेपर पर हस्ताक्षर भी करवा लिए। जून में कर्मचारी ने ब्याज समेत पूरी रकम वापस कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद जयदीप सिंह लगातार और ब्याज देने का दबाव बनाता रहा तथा चेक और दस्तावेज लौटाने से साफ इंकार कर दिया।
30 नवंबर को कर्मचारी सेवानिवृत्त हुआ। 3 दिसंबर को वह पत्नी के साथ बैंक में रिटायरमेंट की राशि ट्रांसफर कराने पहुंचा था। तभी जयदीप सिंह, कृष्णा रेड्डी, प्रदीप नायक और 8–10 लोग वहां पहुँच गए। बैंक में ही गाली-गलौज करते हुए धमकाया और 9 लाख RTGS तथा 1 लाख नकद, कुल 10 लाख रुपए जबरन वसूल लिए।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए भिलाई भट्ठी पुलिस ने प्रदीप नायक, ओमप्रकाश और कृष्णा रेड्डी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ब्लैंक चेक, एग्रीमेंट पेपर सहित कई दस्तावेज भी जब्त किए हैं। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है, और पुलिस को सूदखोरी के बड़े गैंग के पर्दाफाश की आशंका है।



