India vs South Africa ODI: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है। पहला मैच भारत ने जीता था, जबकि दूसरे में साउथ अफ्रीका ने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की। इस तरह सीरीज 1-1 से बराबरी पर है और आज यानी 6 दिसंबर को विशाखापट्टनम के डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में तीसरा और आखिरी वनडे खेला जाएगा। यह मैच सीरीज का निर्णायक (डिसाइडर) होगा।
यह भी पढ़े :- रायपुर में चाकू की नोक पर पैर छुआकर माफी, वीडियो वायरल
टीम इंडिया अपने घर में जीत का सिलसिला जारी रखना चाहेगी, जबकि दक्षिण अफ्रीका की नजर 10 साल बाद भारत में वनडे सीरीज जीतने पर होगी।
रोहित और विराट पर फैंस की उम्मीदें
भारतीय फैंस की नजरें हमेशा हिटमैन रोहित शर्मा और चेज़ मास्टर विराट कोहली पर रहती हैं।
- रोहित शर्मा ने अब तक 15 डिसाइडर वनडे पारियों में 791 रन बनाए हैं, औसत 52.73 का रहा है। उनका सबसे बड़ा स्कोर नाबाद 209 रन है, जिसमें 3 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं।
- विराट कोहली ने 14 डिसाइडर पारियों में 595 रन बनाए हैं, औसत 42.50 का। इसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। उनका सबसे बड़ा स्कोर 113 रन रहा है।
इस सीरीज में विराट शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने पहले दो मैचों में दो शतक लगाए हैं और अब तक 237 रन बना चुके हैं, औसत 118.50 का। रोहित ने 2 मैचों में 71 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक शामिल है।
सीरीज जीत की उम्मीद
भारतीय फैंस को उम्मीद है कि रोहित और विराट की जोड़ी आज के मैच में सीरीज जीताने में अहम भूमिका निभाएगी। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम भी पूरी ताकत से उतरेगी ताकि भारत में वनडे सीरीज जीतने का सपना पूरा कर सके। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद खास होने वाला है।



