रायपुर : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा युवक द्वारा महिला टेलर को फोन पर अश्लील बातचीत करने और अपहरण की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, वह खुर्सीपार क्षेत्र में लेडीज़ गारमेंट्स की सिलाई का काम करती है। करीब डेढ़ साल पहले आरोपी गनपत ध्रुव अपनी पत्नी के कपड़े सिलवाने के बहाने उसके घर आया था और उसी दौरान उसने महिला का मोबाइल नंबर ले लिया था। शुरुआत में उसने सामान्य बातचीत की, लेकिन कुछ समय बाद वह बार-बार फोन कर अश्लील बातें करने लगा।
पीड़िता और उसके पति के विरोध करने पर आरोपी कुछ समय के लिए शांत हो गया था, लेकिन 28 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 12:30 बजे आरोपी ने अलग-अलग नंबरों से फिर से लगातार कॉल करना शुरू कर दिया। महिला का कहना है कि युवक न केवल अश्लील बातें करता है, बल्कि अपने प्रेम संबंधों का जिक्र कर उसे बहकाने की कोशिश करता है।
जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज कर उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। महिला ने आरोप लगाया कि युवक ने फोन पर कहा कि वह उसका अपहरण कर ले जाएगा और उसे उठवा लेगा। लगातार मिल रही धमकियों से महिला और उसका परिवार दहशत में है।
आरोपी की हरकतें बढ़ती देख पीड़िता और उसके पति ने खुर्सीपार थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने कहा है कि अगर भविष्य में उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना घटती है तो इसके लिए वही युवक जिम्मेदार होगा।
पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 79 (अश्लील कृत्य / उत्पीड़न) और धारा 351(3) (धमकी व डराना-धमकाना) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।



