रायपुर। राजधानी में ड्रग तस्करी के मामले में गिरफ्तार दो आरोपी सरस्वती नगर थाने से हथकड़ी खोलकर फरार हो गए। पुलिस 5 दिसंबर की रात चार आरोपियों को पकड़कर थाने लाई थी, लेकिन अगले दिन मौका पाते ही दो आरोपी पुलिस की नाक के नीचे से फरार हो गए। अब पुलिस उनकी तलाश में लग गई है।
यह भी पढ़े :- नाबालिग से दुष्कर्म मामले में युवक गिरफ्तार, पुलिस ने ऐसे किया पर्दाफाश
जानकारी के मुताबिक, साइंस कॉलेज मैदान के पास काले रंग की हुंडई कार में पहुंचे चार युवक ड्रग्स बेचने की फिराक में ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। गुप्त सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 26.22 ग्राम हेरोइन, जिसकी कीमत करीब 2.60 लाख रुपए है, जब्त की। साथ ही कार, 7 मोबाइल समेत कुल 23 लाख रुपए का सामान भी बरामद किया गया।
थाने से फरार आरोपी
- खिलावन साहू
- गुरप्रीत सिंह
अन्य गिरफ्तार आरोपी
- आयुष दुबे उर्फ मयंक, पंचशील नगर
- मृत्युंजय दुबे उर्फ एमडी, पचपेड़ी नाका
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के भागने की आशंका के कारण बिना सर्च वारंट तत्काल कार्रवाई की गई थी। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से चिट्टा तौलकर सील भी किया गया। गिरफ्तारी के बाद सभी को थाने में रखा गया, लेकिन सुरक्षा में चूक के चलते दो आरोपी फरार हो गए। ये दोनों पहले भी NDPS मामलों में जेल जा चुके हैं।
अब पुलिस टीम दोनों फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।



