रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त 41 जिलाध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक कल राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक की शुरुआत सभी जिलाध्यक्षों द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ के साथ होगी, जिसके बाद वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठन की आगामी रणनीति पर विमर्श किया जाएगा।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : आज से शुरू होगा गिरावट का दौर, बढ़ेगा ठंड का अहसास
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
दिल्ली में 14 दिसंबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की तैयारी
बैठक के दौरान दिल्ली में 14 दिसंबर को होने वाले कांग्रेस के बड़े विरोध प्रदर्शन को लेकर विस्तृत रोडमैप भी तय किया जाएगा। प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ से बड़े प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा होगी।
राहुल गांधी देंगे नए जिलाध्यक्षों को विशेष ट्रेनिंग
सूत्रों के अनुसार, मध्य प्रदेश की तर्ज पर अब छत्तीसगढ़ में भी राहुल गांधी नवनियुक्त जिलाध्यक्षों को विशेष प्रशिक्षण देंगे। आज की बैठक में इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। यह प्रशिक्षण 10 दिनों तक चलेगा, जिसमें संगठन संचालन, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता, बूथ प्रबंधन, अनुशासन और राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय मुद्दों की समझ विकसित करने पर विशेष फोकस होगा।
कांग्रेस ने ट्रेनिंग के लिए स्थान चयन की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है और संभावना है कि पूरा प्रशिक्षण कार्यक्रम बस्तर में आयोजित होगा। विभिन्न सत्रों में राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के नेता अपने अनुभव और मार्गदर्शन साझा करेंगे।
28 नवंबर को जारी हुई थी जिलाध्यक्षों की सूची
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 28 नवंबर को नए जिलाध्यक्षों की सूची जारी की थी। रायपुर सिटी से श्रीकुमार शंकर मेनन, रायपुर ग्रामीण से राजेंद्र पप्पू बंजारे, बिलासपुर शहर से सुद्धांशु मिश्रा और बिलासपुर ग्रामीण से महेंद्र गंगोत्री को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुकमा में पूर्व मंत्री कवासी लखमा के पुत्र हरीश लखमा को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इन 41 जिलाध्यक्षों में 5 महिलाएं शामिल हैं—बलौदाबाजार से सुमित्रा धृतलहरे, धमतरी से तारिणी चंद्राकर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से गजमती भानु, सक्ती से रश्मि गभेल और सूरजपुर से शशि सिंह। कुल जिलाध्यक्षों में महिलाओं की हिस्सेदारी लगभग 12.2% है।
महासमुंद में द्वारिकाधीश यादव, मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर में अशोक श्रीवास्तव, मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी में सुरजीत सिंह ठाकुर, रायगढ़ शहर में शाखा यादव, रायगढ़ ग्रामीण में नागेंद्र नेगी, बालोद में चंद्रेश कुमार हिरवानी, बलरामपुर में हरिहर प्रसाद यादव, बस्तर ग्रामीण में प्रेम शंकर शुक्ला, दंतेवाड़ा में सलीम राजा उस्मान, दुर्ग शहर में धीरज बाकलीवाल, कोंडागांव में रवि घोष और कोरबा शहर में मुकेश कुमार राठौर को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।



