बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बेलतरा में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि की उपेक्षा का मुद्दा गरमाता जा रहा है। इस कार्यक्रम में बेलतरा से भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला को उचित स्थान न देने और कुलपति के स्वागत भाषण में उनका नाम शामिल न किए जाने पर कांग्रेस जिला कमेटी के पूर्व शहर अध्यक्ष विजय केशवानी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
यह भी पढ़े :- यात्री बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में उतरी, बड़ा हादसा टला
सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में केशवानी ने इस घटना को “दुर्भाग्यपूर्ण और प्रोटोकॉल की अवहेलना” बताया। उन्होंने लिखा कि किसी भी बड़े और गरिमामय कार्यक्रम में क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधि का सम्मान परंपरा का हिस्सा होता है। ऐसे में इस प्रकार की उपेक्षा समझ से परे है और प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाती है।
केशवानी ने कहा-
“जब स्थानीय जनप्रतिनिधि की ही उपेक्षा की जा रही है, तो यह समझना कठिन नहीं कि छात्रहित में किस तरह के निर्णय लिए जाते होंगे।”
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि दीक्षांत समारोह जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सत्ताधारी दल के स्थानीय विधायक के सम्मान की अनदेखी करना अफसरशाही के बेलगाम होने का संकेत है।
गौरतलब है कि विजय केशवानी पूर्व में बेलतरा विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुके हैं, जहां से वर्तमान विधायक सुशांत शुक्ला विजयी हुए थे। यह मामला सामने आने के बाद राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और सोशल मीडिया पर भी विश्वविद्यालय प्रशासन की आलोचना हो रही है।
स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह प्रोटोकॉल का उल्लंघन था या केवल व्यवस्थागत चूक? फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इस मामले में सफाई देता है या राज्य सरकार किसी प्रकार की कार्रवाई करती है। फिलहाल, यह विवाद राजनीतिक गर्माहट के साथ-साथ प्रशासनिक जवाबदेही पर भी गम्भीर प्रश्न खड़े कर रहा है।



