दुर्ग। छत्तीसगढ़ में जमीन की नई गाइडलाइन दरों और रजिस्ट्री शुल्क में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के विरोध में माहौल गरमाया हुआ है। लाठीचार्ज की घटना के बाद अब कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। भिलाई नगर विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता देवेंद्र यादव ने मंगलवार को दुर्ग के गांधी पुतला चौक पर एक दिवसीय भूख हड़ताल शुरू की।
उन्होंने साफ कहा कि जब तक सरकार गाइडलाइन दरों में की गई भारी-भरकम बढ़ोतरी को वापस नहीं लेती, तब तक जनता के हक की लड़ाई जारी रहेगी।
यादव ने आरोप लगाया कि सरकार की यह नीति गरीब और मध्यम वर्ग पर सीधा प्रहार है। छोटे प्लॉट की रजिस्ट्री लगभग बंद हो गई है और इसका फायदा सिर्फ बड़े बिल्डरों को मिल रहा है। उन्होंने पुलिस के लाठीचार्ज को पूरी तरह अलोकतांत्रिक बताया।
यह भी पढ़े :- सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा में उठाई पीड़ितों की आवाज़
गौरतलब है कि रियल एस्टेट कारोबारी कई क्षेत्रों में गाइडलाइन दरों में 800 फीसदी तक की वृद्धि से आक्रोशित हैं। इसका असर यह हुआ है कि पिछले कई महीनों से रजिस्ट्री के काम में भारी गिरावट आई है।
1 दिसंबर को पटेल चौक पर शांतिपूर्ण धरना देने पहुंचे कारोबारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया था। इस घटना में 6 पुलिसकर्मी और 2 प्रदर्शनकारी घायल हुए थे तथा 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
भूख हड़ताल स्थल पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में रियल एस्टेट कारोबारी मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस अब इस मुद्दे को पूरे प्रदेश में ले जाने की तैयारी में है।



