जगदलपुर। बस्तर जिले में जीवनरक्षक 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा किसी भी वक्त ठप पड़ सकती है। वजह—सेवा दे रहे कर्मचारियों को पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है। भुगतान में लगातार देरी से परेशान ड्राइवर और EMT कर्मचारी अब खुलकर विरोध पर उतर आए हैं।
यह भी पढ़े :- रायपुर में 3 एकड़ अवैध प्लॉटिंग पर निगम की बड़ी कार्रवाई: दीवार तोड़ी, मुरूम रोड काटा, नामजद FIR के निर्देश
कर्मचारियों का आरोप है कि संबंधित एजेंसी महीनों से वेतन में लेटलतीफी कर रही है, जिससे उनके परिवारों का गुजारा चलाना मुश्किल हो गया है। बुधवार को 108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने बस्तर कलेक्टर, जिला श्रम अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर तत्काल वेतन भुगतान की मांग की।
कर्मचारियों ने बताया कि बस्तर संभाग सहित प्रदेश के कई जिलों में एजेंसी ने लंबे समय से वेतन रोक रखा है और हर बार नए बहाने बनाकर भुगतान टाला जा रहा है।
12 एंबुलेंस, 50 कर्मचारी—सेवा पर संकट
बस्तर जिले में वर्तमान में 12 एंबुलेंस विभिन्न अस्पतालों में तैनात हैं, जिनपर करीब 50 कर्मचारी ड्राइवर और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन के रूप में काम कर रहे हैं। वेतन संकट लंबा खिंचा तो बस्तर में आपातकालीन चिकित्सा सेवा गंभीर संकट में पड़ सकती है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वे सेवा बंद करने को मजबूर होंगे, जिसका सीधा असर मरीजों की जिंदगी पर पड़ेगा।



