भिलाई। थाना जामुल क्षेत्र के कैलाश नगर में करीब 20 दिन पहले हुए गोलीकांड के मुख्य आरोपी करण साव के कैंप-2 स्थित अवैध निर्माण पर आज बुधवार सुबह नगर निगम भिलाई और दुर्ग पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी परिवार के कब्जे वाले निर्माण को पूरी तरह ढहा दिया गया।
यह भी पढ़े :- बिलासपुर: केंदा घाटी में बस दुर्घटना, कई यात्री घायल…देखें मौके की तस्वीरें और जानें क्या है ताज़ा अपडेट”
गौरतलब है कि 14 नवंबर को शातिर बदमाश करण साव ने इवेंट प्लानर विकास प्रजापति पर फायरिंग की थी, जिसमें गोली विकास के कान को छूकर निकल गई थी और वह बाल-बाल बच गया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी करण साव और उसके साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
720 स्क्वायर फीट निर्माण कराया गया खाली
नगर निगम ज़ोन-03 के एआरओ बसंत देवांगन ने बताया कि कैंप-2 संतोषी पारा में आरोपी पिता विलोचन साव द्वारा किए गए लगभग 720 वर्ग फीट अतिक्रमण को हटाया गया। यह क्षेत्र प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आरक्षित बताया गया है। निगम द्वारा पूर्व में ही नोटिस जारी किया गया था। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में मौजूद अन्य अवैध निर्माणों पर भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।
गोलीकांड का विवरण
14 नवंबर की शाम लगभग 6:30 बजे कैलाश नगर में दो बाइक सवार हमलावरों ने विकास प्रजापति पर फायरिंग की थी। गोली दाहिने कान के पास से छूकर निकल गई। हमले के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी करण साव को बैकुंठ धाम छावनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया, साथ ही उसके अन्य सहयोगियों राजेश साव, बबलू उर्फ बड़का और अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया।
पुलिस का बयान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने कहा कि – “छावनी कैंप क्षेत्र में आरोपी करण साव के अतिक्रमण को निगम द्वारा पुलिस बल की मौजूदगी में हटाया गया। करण साव वर्तमान में जेल में है।”



