बेमेतरा। जिले में देर रात एक भयानक सड़क हादसे ने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया। रायपुर से प्रयागराज जा रहा लोहे की छड़ों से लदा ट्रक ग्राम बैजी के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
यह भी पढ़े :- साय सरकार का बड़ा फैसला: अब 200 यूनिट तक आधी बिजली, 42 लाख उपभोक्ताओं को राहत
हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिससे पुलिस को शक हुआ। जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो पहले तो सिर्फ लोहे की छड़ें नजर आईं, लेकिन जैसे ही केबिन और छड़ों के नीचे छिपे हिस्सों को खोला गया – वहाँ से भारी मात्रा में प्रतिबंधित गांजा बरामद हुआ! नशीला पदार्थ इतनी चालाकी से छिपाया गया था कि ऊपर से कोई शक भी नहीं कर सकता था।
पुलिस ने जेसीबी मशीन और मजदूरों की मदद से पूरी रात ट्रक खंगाला। अभी तक की छानबीन में सैकड़ों किलो गांजा बरामद हो चुका है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है। यह छत्तीसगढ़ के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी गांजा तस्करी की खेप मानी जा रही है।
पुलिस का दावा है कि यह कोई मामूली तस्करी नहीं, बल्कि एक बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह का सुनियोजित ऑपरेशन था। लोहे की छड़ों की आड़ में यूपी तक गांजा पहुंचाने की साजिश थी। फरार चालक की तलाश में कई टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होने की उम्मीद है। बेमेतरा पुलिस अब पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। यह हादसा नहीं, तस्करी का बड़ा पर्दाफाश साबित हुआ है!



