रायपुर : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने साइकिल से जा रहे दो मासूम बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कक्षा 6वीं के छात्र ताकेश्वर साहू (12) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त प्रहलाद यदु (10) गंभीर रूप से घायल हो गया है और वर्तमान में वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रहा है। घटना की पूरी फुटेज CCTV कैमरे में कैद हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, दोनों बच्चे शनिवार को स्कूल से लौटने के बाद अपनी दादी से मिलने साइकिल से जा रहे थे कि तभी राजनांदगांव पासिंग फॉर्च्यूनर (CG08 AW 9300) ने पीछे से उन्हें रौंद दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि बच्चे करीब 2 फीट हवा में उछल गए और साइकिल सहित 20-30 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए।
परिजनों के अनुसार हादसा 29 नवंबर को हुआ था, लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं की गई। मौके पर मौजूद कार को थाने में खड़ा किया गया था, मगर आरोपी उसे थाना परिसर से ले जाने में सफल रहे। अब तक न तो चालक गिरफ्तार हुआ और न ही वाहन जब्त।
पीड़ित पिता की गुहार – “पैसे देकर मामला दबाने की कोशिश”
मृतक के पिता रोहित साहू ने आरोप लगाया है कि:- पुलिस FIR दर्ज करने में टालमटोल कर रही है। कहा जा रहा है कि मेकाहारा से रिपोर्ट आने के बाद ही मामला दर्ज होगा। 7-8 लोग उनसे समझौते का दबाव बना रहे हैं।
आरोपी राजनीतिक पहुंच और रसूख के कारण बचाए जा रहे हैं
“मुझे पैसे नहीं चाहिए, केवल न्याय चाहिए। जब तक आरोपी पर कार्रवाई नहीं होती मेरे बेटे की आत्मा को शांति नहीं मिलेगी।” — रोहित साहू, पिता।
दो गाड़ियां थीं साथ
परिजनों का कहना है कि आरोपी दो गाड़ियों में तेज रफ्तार से रायपुर की ओर जा रहे थे। दुर्घटना वाली गाड़ी को थाने खड़ा करवाने के बाद:
- दूसरी गाड़ी से बच्चों को अस्पताल ले जाया गया
- बाद में आरोपी उसी गाड़ी से फरार हो गए
- पुलिस ने उन्हें रोकने या हिरासत में लेने की कोशिश भी नहीं की



