बिलासपुर। तखतपुर विकासखंड के अंतर्गत स्थित बेलसरी प्राथमिक शाला में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार और छात्राओं से बैड टच करने के गंभीर आरोप में शिक्षक संदीप कुमार घृतलहरे को निलंबित कर दिया गया है। घटना की शिकायत अभिभावकों द्वारा किए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) विजय तांडे ने तत्काल जांच समिति गठित की।
यह भी पढ़े :- रायपुर में साहित्य का महाकुंभ: 100 से अधिक साहित्यकार होंगे शामिल
जांच में शिक्षक पर लगे आरोप सत्य पाए गए। जांच रिपोर्ट में शिक्षक के व्यवहार को निंदनीय, शिक्षकीय मर्यादा के विपरीत एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया गया। समिति ने अपनी रिपोर्ट में कठोर कार्रवाई की अनुशंसा भी की।
घटना के उजागर होने के बाद बेलसरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अभिभावकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने तथा स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किए जाने की मांग की है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर डीईओ ने शिक्षक संदीप कुमार घृतलहरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले में आगे की विभागीय जांच जारी है।



