रायपुर : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से सामने आए एक दर्दनाक मामले ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। लगभग नौ महीने पुराने दुष्कर्म मामले में वह सच्चाई सामने आई है जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी—पीड़िता के साथ दुष्कर्म किसी बाहरी ने नहीं बल्कि उसके सौतेले भाई ने किया था।
यह भी पढ़े :- प्रकृति आधारित जीवनशैली से कई बीमारियों से बचाव संभव-राज्यपाल डेका
माकड़ी थाना क्षेत्र की इस घटना में पीड़िता ने 8–9 महीने पहले रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया था, जिससे वह गर्भवती हो गई। 6 नवंबर को युवती ने एक नवजात शिशु को जन्म दिया, जिसके बाद मामले की जांच फिर से शुरू की गई।
महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पूछताछ के दौरान पीड़िता भावुक हो उठी और उसने बताया कि उसकी अस्मिता लूटने वाला कोई अनजान नहीं बल्कि उसका सौतेला भाई सगउराम सोरी था, जिसे वह सामाजिक दबाव की वजह से अब तक छिपाती रही।
बयान सामने आते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



