सूरजपुर। कुदरगढ़ धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की यात्रा रविवार को दर्दनाक हादसे में बदल गई। बांक क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 4 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- शर्मनाक घटना : डेढ़ घंटे तड़पती रही गर्भवती, बंद PHC, कार में जन्म…जानें CMHO ने क्यों दिया ऐसा बयान?
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बोलेरो में सवार कुल 8 श्रद्धालु मध्यप्रदेश के कुंभिया गांव से कुदरगढ़ धाम दर्शन के लिए आए थे। वापसी के दौरान वाहन का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और गाड़ी पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए और 3 यात्रियों को हल्की चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही ओड़गी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



