रायपुर। शहर इन दिनों क्रिकेट फीवर में डूबा हुआ है। 3 दिसंबर को नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। सोमवार को रोहित शर्मा और विराट कोहली के रायपुर पहुंचने की खबर ने क्रिकेटप्रेमियों का जोश और बढ़ा दिया है। हर कोई स्टार खिलाड़ियों की झलक पाने के लिए बेताब दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़े :- मैनपाट में बॉक्साइट खदान का विरोध तेज, जनसुनवाई से पहले उखाड़ा पंडाल
टीमें आज रायपुर पहुंचेंगी
रांची वनडे जीतकर भारत सीरीज में 1–0 से आगे है, ऐसे में लाखों फैंस रायपुर में जीत का जश्न मनाने को तैयार हैं। दोनों टीमें देर शाम रायपुर पहुंचेंगी। 2 दिसंबर को प्रैक्टिस सेशन और 3 दिसंबर को मैच खेला जाएगा।
टिकटों के लिए भारी भीड़, स्टूडेंट्स में धक्कामुक्की
इंडोर स्टेडियम में ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले लोग फिजिकल टिकट लेने पहुंचे। इसके अलावा स्टूडेंट्स के लिए रिजर्व सीट की बिक्री सोमवार सुबह हुई, जिसमें सुबह 4 बजे से भीड़ लगना शुरू हो गया। 10 बजे टिकट बिक्री शुरू होते ही तेज धक्कामुक्की हुई, लड़कियों ने बैरिकेड तक तोड़ने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
15 मिनट में 16 हजार टिकट SOLD OUT
पहले चरण में शाम 5 बजे टिकट बिक्री शुरू हुई और सिर्फ 15 मिनट में 16,000 टिकट खत्म हो गए। वेबसाइट पर ‘Sold Out’ संदेश देखकर लोग भ्रमित हो गए, जबकि बाकी टिकटों की बिक्री दूसरे फेज में की जाएगी। बाद में इन्हें फिजिकल टिकट में कंवर्ट किया जाएगा। कुल 46 हजार टिकट बेचे जाएंगे और एक ID पर केवल 4 टिकट मिलेंगे।
ब्लैक मार्केटिंग पर सख्ती – दो युवक गिरफ्तार
30 नवंबर को सिविल लाइन थाना पुलिस ने ब्लैक टिकट बेचते फाफाडीह के ऋतिक माकीजा और देवव्रत माकीजा को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी दीपक पासवान ने बताया कि आरोपियों पर कार्रवाई की गई है और ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
दर्शकों के लिए विशेष सुविधाएँ
स्टेडियम परिसर में 22 बड़े वॉटर फिल्टर लगाए गए—बोतल खरीदने की जरूरत नहीं।
- खाने–पीने की हर वस्तु के लिए रेट-लिस्ट डिस्प्ले अनिवार्य
- ओवरचार्जिंग पर कार्रवाई होगी।
- वर्ल्ड डिसेबिलिटी डे पर दिव्यांग खिलाड़ियों को फ्री एंट्री
3 दिसंबर वर्ल्ड डिसेबिलिटी डे पर सभी दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए मैच मुफ्त रखा गया है।
उनके आने–जाने की व्यवस्था भी छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ करेगा।
क्रिकेटप्रेमियों में रोमांच चरम पर
रायपुर पूरे उत्साह के साथ इस बड़े मुकाबले का इंतजार कर रहा है, और स्टेडियम में हाउसफुल होने के संकेत पहले ही मिल चुके हैं।



