रायपुर। छत्तीसगढ़ की जनता को आज से महंगाई के बीच बड़ी राहत मिल गई है। राज्य सरकार ने बहुप्रतीक्षित 200 यूनिट हाफ बिजली योजना लागू कर दी है, जिससे लाखों परिवारों की जेब पर बोझ कम होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा के विशेष सत्र में यह बड़ा ऐलान किया था, जो अब अमल में आ गया है।
यह भी पढ़े :- आज से छत्तीसगढ़ में लागू हुई हाफ बिजली बिल योजना- 200 यूनिट तक मिलेगी बड़ी राहत
नई व्यवस्था के तहत 200 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले सभी घरेलू उपभोक्ताओं का बिल आधा हो जाएगा। इससे प्रदेश के 36 लाख परिवारों को सीधा फायदा मिलेगा।
इसके अलावा, 200 से 400 यूनिट तक बिजली खर्च करने वाले 6 लाख उपभोक्ताओं को भी अगले एक साल तक 200 यूनिट तक हाफ बिल की राहत दी जाएगी। यह अवधि इसलिए तय की गई है ताकि इन उपभोक्ताओं को पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घरों में सोलर प्लांट लगाने का मौका मिल सके।
बता दें कि 1 अगस्त 2025 को राज्य सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना में बड़ा संशोधन कर पूर्व भूपेश सरकार की 400 यूनिट सीमा को घटाकर 100 यूनिट कर दिया था, जिससे लाखों लोग योजना से बाहर हो गए थे।
लेकिन अब सरकार ने 200 यूनिट हाफ बिजली योजना को लागू कर फिर से जनहित में बड़ा कदम उठाया है।



