रायपुर। शहर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित A.T. प्लाज़ा टाउनशिप में कार पार्किंग को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने दूसरे को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दे दी। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विकास बुद्धिराजा ने अपनी कार 26 नवंबर की रात पार्क की थी। अगले दिन सुबह करीब 11:30 बजे सुरक्षा गार्ड ने उन्हें बुलाकर बताया कि कोई उनकी गाड़ी की हवा निकाल रहा है। जब विकास नीचे पहुंचे तो उन्होंने एक व्यक्ति को टायर की हवा निकालते देखा।
विकास के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और फिर अपनी कार से पिस्तौल निकालकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने घटना की रिकॉर्डिंग पेनड्राइव के रूप में पुलिस को सौंप दी है।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।



