दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) प्रबंधन ने हाल के दिनों में कार्यस्थल पर हुई कर्मचारियों की मौत और घायल होने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कठोर कदम उठाए हैं। प्रबंधन ने सिंटर प्लांट-3 के महाप्रबंधक शंकर मोरी और ऊर्जा प्रबंधन विभाग के महाप्रबंधक सुब्रमणि रमणी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह भी पढ़े :- केते एक्सटेंशन कोल माइंस को पर्यावरण मंजूरी पर सिंहदेव का विरोध तेज
इसके अलावा ऊर्जा प्रबंधन विभाग के दो कार्यपालकों को चेतावनी पत्र जारी किए गए हैं, जबकि दो अन्य महाप्रबंधकों को एडवाइजरी जारी कर भविष्य में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रबंधन ने दोहराया कि असुरक्षित कार्य और असुरक्षित कार्यप्रणाली के प्रति ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति आगे भी पूरी कठोरता के साथ लागू रहेगी। प्रबंधन के अनुसार सुरक्षा संस्कृति को मजबूत बनाना संगठन के हर स्तर पर सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
घटनाओं के बाद सभी मामलों का विस्तृत मूल कारण विश्लेषण किया गया है, ताकि हर पहलू का वस्तुनिष्ठ मूल्यांकन हो सके। साथ ही भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों, इसके लिए आवश्यक सुधारात्मक और निवारक उपायों की रूपरेखा तैयार कर संबंधित विभागों को कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।



