रायपुर। राजधानी रायपुर में जारी ऑल इंडिया DG–IG कॉन्फ्रेंस का आज दूसरा दिन है। देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े इस सबसे महत्वपूर्ण वार्षिक मंच में आज कई अहम रणनीतियों और निर्णयों की उम्मीद की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज के सत्रों में शामिल होंगे, जबकि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिन की शुरुआत योग सत्र से की और इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रणनीतिक चर्चा की तैयारी की।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नई टीम तैयार, बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं शामिल
सुबह कॉन्फ्रेंस स्थल का माहौल अत्यंत अनुशासित और सुरक्षा व्यवस्था से सख्त दिखाई दिया। देशभर के डीजीपी और आईजी, अपने-अपने राज्यों से सुरक्षा चुनौतियों के मुद्दे लेकर सम्मेलन में मौजूद हैं।
चार महत्वपूर्ण सत्र आज प्रस्तावित
आज पूरे दिन चार मुख्य सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आंतरिक सुरक्षा से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर गहन चर्चा होगी। पहले दिन की बैठक में नक्सलवाद, आतंकवाद, आंतरिक सुरक्षा और ड्रग्स तस्करी जैसे गंभीर विषयों पर विस्तृत विमर्श हुआ।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राज्यों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि –
ड्रग्स मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अंतरराज्यीय गिरोहों पर निर्णायक प्रहार किया जाना चाहिए।
साइबर अपराध और तकनीकी सुरक्षा पर फोकस
बैठक में बढ़ते साइबर अपराध, नई तकनीक आधारित अपराधों और डिजिटल सुरक्षा को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई।
राज्यों की पुलिस बलों को अधिक प्रशिक्षित करने, आधुनिक संसाधन मुहैया कराने, सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित सूचना साझेदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।



