राजनांदगांव। साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को “डिजिटल अरेस्ट” कर और एक युवा व्यापारी को शेयर मार्केट में तगड़ा मुनाफा दिलाने का लालच देकर करीब 2 करोड़ रुपए की ठगी की थी। राजनांदगांव सायबर सेल और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर हरियाणा के गुरुग्राम और मध्य प्रदेश के सिहोर-इंदौर से चार ठगों को धर-दबोचा।
यह भी पढ़े :- बेमेतरा में खाद नहीं मिला तो किसानों ने सड़क जाम कर दी: दो घंटे तक थानखम्हरिया मार्ग रहा ठप, लेन-देन के गंभीर आरोप
पहले मामले में ठगों ने खुद को सीबीआई अधिकारी और जज बताकर बुजुर्ग महिला को वीडियो कॉल पर “डिजिटल अरेस्ट” कर लिया और मनी लॉन्ड्रिंग के फर्जी केस में फंसाने की धमकी देकर 79.69 लाख रुपए ठग लिए। दूसरे मामले में एक युवा व्यापारी को व्हाट्सएप पर फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट का लिंक भेजकर “ज्यादा मुनाफा” का झांसा दिया गया और 1.21 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी की गई।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश निवासी धीरज सिंह (34), अरविंद ठाकुर (30), डिम्पल सिंह यादव (22) और राधेश्याम के रूप में की है। इनके कब्जे से 5 मोबाइल फोन, कई बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, आधार-पैन कार्ड बरामद हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि जल्द ही म्यूल खाते उपलब्ध कराने वाले एजेंटों और ठगी की रकम निकालने वालों पर भी गाज गिरेगी। दोनों मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



