बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में शादी के दौरान हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते गंभीर झगड़े में बदल गया। इस मारपीट और चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामले में हत्या, मारपीट और बलवा की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर पांच आरोपियों पर मामला कायम किया है। इनमें से चार आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बिल्हा क्षेत्र के ग्राम खपरी निवासी कुश यादव (21) अपने पिता के साथ ऑटो चलाने का काम करता था। घटना वाली रात वह अपने दोस्त बादल निषाद की शादी में शामिल हुआ था। बारात के दौरान डीजे के साथ गांव में निकली टोली जब भीम पटेल के घर के पास पहुंची तो वहां आशीक निषाद, देव यादव, संदीप निषाद, ओम पटेल और गोल्ठा निषाद सहित कई युवक नाच रहे थे। कुश भी उनके साथ नाचने लगा, इसी दौरान आपसी कहा-सुनी और विवाद बढ़ गया।
विवाद के दौरान मारपीट शुरू हो गई। कुश के भतीजे को बचाने पहुंचे कुश यादव पर आरोपियों ने चाकू से ताबड़-तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं उसका भतीजा भी घायल है और उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश तेज कर चुकी है।



