रायपुर। देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के सबसे बड़े मंच डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात नवा रायपुर पहुंच रहे हैं। स्पीकर निवास में रात्रि विश्राम के बाद वह शनिवार और रविवार को होने वाले प्रमुख सत्रों में शिरकत करेंगे।
यह भी पढ़े :- राहगीरों से मोबाइल झपट कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 13 मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद
तीन दिवसीय इस सम्मेलन में कुल 8 सत्र होंगे, जिनमें से 6 प्रमुख सत्रों में प्रधानमंत्री मोदी स्वयं उपस्थित रहेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी इस आयोजन को और अधिक महत्वपूर्ण बना रही है।
यह सम्मेलन देशभर के डीजीपी, आईजी और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों को राष्ट्रीय सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा की चुनौतियों, आतंकवाद, साइबर क्राइम, सीमा सुरक्षा और पुलिस आधुनिकीकरण जैसे मुद्दों पर खुलकर विचार-विमर्श करने का अवसर देता है। साथ ही पुलिसकर्मियों के कल्याण, ट्रेनिंग और तकनीकी अवसंरचना पर भी गहन चर्चा होगी।
2014 से प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में यह सम्मेलन हर साल अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुखी होता जा रहा है। पिछले वर्षों में यह गुवाहाटी, रण ऑफ कच्छ, हैदराबाद, टेकनपुर, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (केवड़िया), पुणे, लखनऊ, दिल्ली, जयपुर और भुवनेश्वर में सफलतापूर्वक आयोजित हो चुका है। इस बार रायपुर में होने वाला सम्मेलन छत्तीसगढ़ राज्य में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा स्थिति और समग्र राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति पर विशेष फोकस रखेगा।



