रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में 3 दिसंबर को होने वाले भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्टिव मोड में आ गया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के साथ घनिष्ठ समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं।
यह भी पढ़े :- स्कूल जाते समय महिला शिक्षिका का अपहरण, पति को भेजी बंधी हुई फोटो – पुलिस ने बचाया
बैठक में यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, खिलाड़ियों के आवागमन, पेयजल, प्रकाश, चिकित्सा सुविधाएँ और दर्शकों की सुविधा जैसे क्रिटिकल पॉइंट्स पर विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि मैच के सुचारु आयोजन के लिए जिला स्तरीय समिति बनाई जा चुकी है और सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का त्वरित और प्रभावी निर्वहन करना होगा।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की ओर से श्री हरि ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर विशेष यातायात योजना तैयार की जा रही है, जिससे दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो। खिलाड़ियों के आवास, परिवहन, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, एम्बुलेंस और पेयजल जैसे सभी अहम इंतज़ामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा, “यह अंतरराष्ट्रीय मैच रायपुर जिले के लिए गौरव का अवसर है। सभी विभाग उच्च स्तरीय मानकों के साथ तैयारी पूरी करें और लंबित कार्यों को तुरंत निपटाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।”
बैठक में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



