रायपुर। 28 नवंबर से 30 नवंबर तक भारतीय प्रबंधन संस्थान, रायपुर में आयोजित 60वें अखिल भारतीय DGP-IG कॉन्फ्रेंस का भव्य आगाज आज दोपहर 2 बजे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। इस हाईलेवल सम्मेलन में शामिल होने के लिए एनएसए अजित डोभाल, बीएसएफ डीजी दलजीत सिंह चौधरी, आईटीबीपी डीजी प्रवीण कुमार, जम्मू-कश्मीर डीजी नलिन प्रभात, असम डीजी हरमीत सिंह समेत देशभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और केंद्रीय सुरक्षा बलों के प्रमुख रायपुर पहुंच चुके हैं।
यह भी पढ़े :- होटल, पब और स्पा का जाल, गैंग की करतूतें का हुआ खुलाशा,लड़कियों को ब्लैकमेलिंग गैंग कर बनाते वीडियो,खुला काला खेल
इस तीन दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य अब तक की पुलिस चुनौतियों पर प्रगति की समीक्षा करना और ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप ‘सुरक्षित भारत’ के लिए एक दूरदर्शी रोडमैप तैयार करना है। सम्मेलन में वामपंथी उग्रवाद, आतंकवाद निरोध, आपदा प्रबंधन, महिला सुरक्षा, और पुलिस व्यवस्था में फोरेंसिक विज्ञान व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा हाई-लेवल सत्रों का नेतृत्व किया जाएगा। सम्मेलन में 33 राज्यों से आए DGP और 20 केंद्रीय फोर्स के डीजी/एडीजी समेत कुल 75 पुलिस अधिकारी हिस्सा लेंगे। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी एडीजी दीपांशु काबरा और आईजी अमरेश मिश्रा को सौंपी गई है, जो राज्य पुलिस के साथ केंद्रीय फोर्स और इंटेलिजेंस एजेंसियों का समन्वय करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार इस वार्षिक सम्मेलन में गहरी रुचि दिखाई है और इसे पुलिस सुधार, नई रणनीतियों और व्यावसायिक सत्रों के लिए प्रमुख मंच के रूप में विकसित किया है। सम्मेलन में प्रतिभागियों को सीधे प्रधानमंत्री के साथ अपने विचार साझा करने का अवसर भी मिलेगा।
इस सम्मेलन का आयोजन पहले गुवाहाटी, कच्छ, हैदराबाद, टेकनपुर, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, पुणे, लखनऊ, नई दिल्ली, जयपुर और भुवनेश्वर में हो चुका है। रायपुर में यह आयोजन देश की आंतरिक सुरक्षा और पुलिस सुधार की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।



