रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 और 30 नवंबर, 2025 को रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान में आयोजित पुलिस महानिदेशकों/महानिरीक्षकों के 60वें अखिल भारतीय सम्मेलन में शामिल होंगे। यह सम्मेलन 28 से 30 नवंबर तक चलेगा और इसका उद्देश्य देशभर में पुलिस विभाग द्वारा सामना की गई चुनौतियों की समीक्षा करना तथा ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप ‘सुरक्षित भारत’ के लिए रणनीतिक रोडमैप तैयार करना है।
‘विकसित भारत: सुरक्षा आयाम’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में वामपंथी उग्रवाद, आतंकवाद निरोध, आपदा प्रबंधन, महिला सुरक्षा, फोरेंसिक विज्ञान और एआई के उपयोग जैसे सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी सम्मेलन में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान करेंगे।
सम्मेलन देश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा प्रशासकों को राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए विचार-विमर्श का एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराता है। इसमें पेशेवर प्रथाओं के निर्माण, अनुभव साझा करने और परिचालन व कल्याण संबंधी चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मेलन में लगातार रुचि दिखाई है और पुलिस व्यवस्था में नए विचारों को प्रोत्साहित किया है। सम्मेलन में व्यावसायिक सत्र और विषयगत चर्चाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को सीधे प्रधानमंत्री के साथ महत्वपूर्ण नीतिगत और सुरक्षा मुद्दों पर संवाद करने का अवसर मिलेगा।
इस वर्ष 60वें सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, गृह राज्य मंत्री, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक तथा केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुख भाग लेंगे। साथ ही, राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के गृह विभाग प्रमुख और चयनित डीआईजी एवं एसपी स्तर के अधिकारी भी सम्मिलित होंगे। इससे नए और अभिनव विचारों को सामने लाने में मदद मिलेगी और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने का अवसर मिलेगा।



