रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने आज राज्य युवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म को युवाओं के लिए अधिक सुलभ और उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। लॉन्चिंग के मौके पर उन्होंने कहा कि वेबसाइट के माध्यम से राज्य के युवा आयोग की गतिविधियों, योजनाओं और रोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं से आसानी से जुड़ सकेंगे।
उन्होंने बताया कि यह पोर्टल युवाओं के लिए सलाह, मार्गदर्शन और सरकारी अवसरों तक पहुंच को सरल बनाएगा। वेबसाइट पर युवा सीधे अपने सुझाव, आवश्यकताएँ और समस्याएँ भी दर्ज करा सकेंगे, जिससे आयोग उन्हें बेहतर तरीके से समझकर समाधान प्रस्तुत कर सकेगा।
कार्यक्रम में राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनूजा सलाम और उप संचालक रश्मि ठाकुर भी उपस्थित रहीं। सभी पदाधिकारियों ने इस पहल को युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।



