सुकमा। नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में एक बार फिर आईईडी धमाके की वारदात सामने आई है। पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के गोरगुंडा इलाके में बुधवार को नक्सलियों ने सुरक्षा बलों की टीम को निशाना बनाते हुए विस्फोट किया। इस हमले में डीआरजी की एक महिला जवान घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद साथियों ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार सुरक्षा बल की टीम नियमित एरिया डोमिनेशन के लिए निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों ने पहले से प्लांट किए गए आईईडी को ब्लास्ट कर दिया। जोरदार धमाके में महिला कॉन्स्टेबल घायल हो गईं। टीम ने मौके पर सतर्कता बरतते हुए उन्हें सुरक्षित निकालकर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित की।
सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने विस्फोट की पुष्टि करते हुए बताया कि गोरगुंडा क्षेत्र नक्सलियों की आईईडी गतिविधियों का हॉटस्पॉट माना जाता है। इससे पहले भी इसी इलाके में कई बार आईईडी ब्लास्ट हो चुके हैं, जिसमें सुरक्षा बलों के जवान घायल हुए थे। लगातार मिल रही घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि नक्सली इस रूट पर बार-बार आईईडी लगाकर सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और नक्सलियों के संभावित ठिकानों की तलाश की जा रही है।



