कवर्धा। कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को एक नया मंच देने और युवाओं में फिटनेस व खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने बुधवार को “विजय शर्मा कवर्धा प्रीमियर लीग” (VSKPL) के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया। विधायक कार्यालय में आयोजित समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए बल्ले से प्रतीकात्मक शॉट लगाकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत का संदेश दिया।
यह पहली बार है जब कवर्धा विधानसभा स्तर पर इस तरह की भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। टूर्नामेंट का शुभारंभ 13 दिसंबर से होगा, जिसमें कवर्धा विधानसभा के 07 मंडलों से वार्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर गठित टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता टेनिस बॉल क्रिकेट प्रारूप में खेली जाएगी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी टीमों के लिए तैयार विशेष मैच जर्सी का भी अनावरण किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल युवाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बुजुर्ग खिलाड़ी भी अपने-अपने वार्ड से मैदान में उतरकर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना को मजबूत बनाते हैं तथा सामाजिक समरसता का भी संदेश देते हैं। इस पहल से कवर्धा में सकारात्मक खेल संस्कृति विकसित होगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, सतविंदर पाहुजा, खिलेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, युवा और खिलाड़ी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता को रोमांचक बनाने के लिए बड़े इनामों की भी घोषणा की गई है। प्रथम पुरस्कार 1 लाख 11 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 51 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 31 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
पोस्टर लॉन्च के बाद कवर्धा में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिला। स्थानीय खिलाड़ियों ने कहा कि इस तरह का आयोजन पहली बार हो रहा है, जिससे क्षेत्र की छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा।



