IND vs SA 2nd Test: नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका ने गुवाहाटी टेस्ट में भारत को 408 रन से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। कोलकाता में पहला टेस्ट 30 रन से जीतने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने इस मैच में भी दबदबा बनाए रखा और विश्व टेस्ट चैंपियन भारत को करारी शिकस्त दी। यह भारत की टेस्ट इतिहास में ओवरऑल और घरेलू दोनों स्तर पर रनों के अंतर से सबसे बड़ी हार है। इससे पहले 2004 में नागपुर में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 342 रन से हराया था।
पिछले 13 महीनों में यह दूसरी बार है जब भारत को घर पर किसी टीम ने टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। अक्टूबर–नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड ने भी भारत को 3-0 से हराया था। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में यह हार भारत की उम्मीदों को बड़ा झटका देगी।
मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 201 रन पर ढेर हो गई। इसके बाद अफ्रीका ने फॉलोऑन न देते हुए दूसरी पारी में 260/5 पर पारी घोषित कर दी। पहली पारी की बढ़त मिलाकर भारत के सामने 549 रन का विशाल लक्ष्य रखा गया। चौथे दिन भारत शुरुआती दो विकेट खोकर दबाव में आ गया और अंतिम दिन भारतीय बल्लेबाज़ पूरी तरह बिखर गए।
भारत की ओर से केवल रवींद्र जडेजा थोड़े समय तक संघर्ष करते दिखे। उन्होंने 87 गेंदों पर 54 रन की पारी खेलकर टेस्ट करियर का 28वां अर्धशतक जमाया। लेकिन बाकी बल्लेबाज़ पूरी तरह फ्लॉप रहे। साई सुदर्शन 14, कुलदीप यादव 5, ध्रुव जुरेल 2 और कप्तान ऋषभ पंत सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गए।
दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर साइमन हार्मर मैच के हीरो रहे। उन्होंने दूसरी पारी में छह विकेट झटके। केशव महाराज ने दो विकेट लिए, जबकि मार्को यानसेन और मुथुसामी को एक-एक सफलता मिली। इस हार के साथ भारत की घरेलू अजेयता पर बड़ा सवाल खड़ा हुआ है और टीम को आगामी डब्ल्यूटीसी मुकाबलों में वापसी के लिए नई रणनीति बनानी होगी।



