बिलासपुर। एसडीएम कार्यालय में पदस्थ रीडर नरेंद्र कुमार कौशिक पर ग्राम पंचायत भिलमी के सरपंच पद के पराजित प्रत्याशी वासुदेव बिजोरे से 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। रीडर की कथित रिश्वत मांग का ऑडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसके बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़े :- संविधान के 75 वर्ष : रायपुर में छायाचित्र प्रदर्शनी और संगोष्ठी का शुभारंभ आज
जानकारी के अनुसार, सरपंच चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद वासुदेव बिजोरे ने पुनर्गणना के लिए आवेदन दिया था। इसी दौरान एसडीएम कार्यालय के रीडर ने उनसे संपर्क किया। वासुदेव बिजोरे का आरोप है कि रीडर ने पुनर्गणना परिणाम को प्रभावित कर जीत की ‘गारंटी’ देने के बदले सीधे तौर पर 10 लाख रुपये की मांग की।
पीड़ित प्रत्याशी ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर कहा है कि उन्होंने शिकायत के साथ वह ऑडियो रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की, जिसमें रीडर द्वारा रिश्वत मांगने की बात स्पष्ट सुनाई देती है। शिकायत के बाद मामला पूरे दफ्तर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
चूंकि यह प्रकरण चुनावी प्रक्रिया, पारदर्शिता और प्रशासनिक नैतिकता से जुड़ा है, इसलिए वासुदेव बिजोरे ने उच्च स्तरीय जांच एवं रीडर के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर मामले की गंभीरता से समीक्षा की जा रही है।



