रायपुर। राजधानी रायपुर में पदस्थ अतिरिक्त तहसीलदार प्रकाश सोनी पर भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले में 15 अधिवक्ताओं ने संयुक्त हस्ताक्षरित शिकायत पत्र कलेक्टर और एसडीएम को सौंपा है। शिकायत की प्रति लल्लूराम डॉट कॉम के पास भी उपलब्ध है।
यह भी पढ़े :- इथियोपिया में 12,000 साल पुराना ज्वालामुखी फटा, राख का गुबार भारत पहुंचा
अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया है कि तहसीलदार प्रकाश सोनी एक दलाल मनोज सिंह ठाकुर (हल्का पटवारी ग्राम मठपुरैना श्वेता वैष्णव के पति) को अपने न्यायालय और निजी केबिन में बैठने की अनुमति देते हैं। शिकायत पत्र के अनुसार, इसी माध्यम से कथित रूप से रिश्वत लेकर नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और त्रुटि सुधार जैसे प्रकरणों का एक ही दिन में निपटारा किया जाता है।
शिकायत में कहा गया है कि मनोज सिंह ठाकुर न तो पक्षकार है, न अधिवक्ता और न किसी का अधिकृत प्रतिनिधि। इसके बावजूद वह रोज तहसीलदार के केबिन में बैठता है और प्रकरणों के आवेदन व दस्तावेज जमा करवाता है। आरोप है कि—
रिश्वत देने वाले पक्षों के मामले बिना पेशी, बिना तारीख और बिना पूरी वैधानिक प्रक्रिया के तुरंत पास कर दिए जाते हैं।
जबकि रिश्वत नहीं देने वाले पक्षकारों के मामलों में जानबूझकर खामियां निकाली जाती हैं और फाइलें महीनों तक लंबित रखी जाती हैं।
यह शिकायत अधिवक्ता विकास गुप्ता सहित अन्य 14 अधिवक्ताओं द्वारा दी गई है। वकीलों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।



