बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तंत्र-मंत्र के सहारे इलाज का भरोसा दिलाकर बीमार पुलिस उप-निरीक्षक के परिवार से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। डौंडी थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में पुलिस ने दो महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े :- बिलासपुर में प्रॉपर्टी के नाम पर 40 लाख की ठगी, फर्जी इकरारनामा बनाकर की धोखाधड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार
प्रार्थीया धनेश्वरी ठाकुर, निवासी ग्राम खैरवाही ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके लकवा-ग्रस्त पति के उपचार के नाम पर तांत्रिकों ने 2 लाख से अधिक की धोखाधड़ी की। शिकायत के अनुसार, पहले तिखुर बेचने आई एक महिला ने दावा किया कि उसका परिचित बैगा तंत्र-मंत्र से मरीज को ठीक कर सकता है। इसके बाद दो महिलाएं और एक पुरुष उनके घर पहुंचे और पूजा-पाठ का नाटक रचकर नारियल, दिया, अगरबत्ती रखवाई।
पूजा के दौरान आरोपियों ने कहा कि अगर पैसे और जेवर चढ़ावा के रूप में नहीं रखे गए तो ‘अनर्थ’ हो जाएगा। उनकी बातों में आकर महिला ने 1,67,000 रुपये नकद, सोने-चांदी के मंगलसूत्र, पायल और अन्य आभूषण पूजा स्थल पर रख दिए। आरोपियों ने आश्वासन दिया कि पूजा के बाद सब वापस कर देंगे, लेकिन वे रुपये और जेवर लेकर फरार हो गए।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 480/2025, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 92,000 रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल फोन बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपी—
- रवि नेताम, पति नरेश नेताम, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरी मनेरीपारा, थाना पुरूर
- रीना नेताम, पिता जयमल मंडावी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरी मनेरीपारा, हाल पुरूर
- पदमा मंडावी, पति जयमल मंडावी, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरी मनेरीपारा, थाना पुरूर
पुलिस ने तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



