रायपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि वोटर सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र को मजबूत करने की संवैधानिक प्रक्रिया है और इसमें राजनीति देखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि घुसपैठिए, फर्जी और मृत वोटर लोकतंत्र को दीमक की तरह नुकसान पहुंचा रहे हैं, ऐसे में SIR आवश्यक और जनहित में है।
यह भी पढ़े :- इन्वेस्टर कनेक्ट : उद्योग जगत के दिग्गज दिल्ली में जुटे, छत्तीसगढ़ ने खोले निवेश के नए द्वार
तरुण चुघ ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हर 20 साल में यह प्रक्रिया होती है, जिसका मकसद फर्जी मतदाताओं को हटाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रही है, जबकि भारत के संविधान ने केवल भारतीय नागरिकों को मतदान का अधिकार दिया है।
सचिन पायलट के छत्तीसगढ़ दौरे और SIR पर कांग्रेस की आपत्तियों पर प्रतिक्रिया देते हुए चुघ ने कहा कि चुनाव आयोग ने कांग्रेस को भी BLA-1 और BLA-2 नियुक्त करने की अनुमति दी है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के साथ उसके सहयोगी दल झारखंड, बंगाल, हिमाचल और तमिलनाडु में जीतते हैं तो प्रक्रिया सही मानते हैं, लेकिन हार मिलते ही आयोग पर सवाल उठाते हैं।
तरुण चुघ ने कहा कि बिहार की जनता ने घुसपैठियों के समर्थन और झूठे प्रचार पर कांग्रेस को करारा जवाब दिया है। उन्होंने दोहराया कि भारत में मतदान का अधिकार केवल भारतीय नागरिकों को है, विदेशी नागरिक किसी भी रूप में देश के भविष्य के नेतृत्व के चुनाव में भागीदार नहीं हो सकते।



