रायपुर : छत्तीसगढ़ में चल रही SIR प्रक्रिया को लेकर कई समस्या सामने आ रही हैं। इसी सिलसिले में आज मंगलवार को रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर निर्वाचन आयोग पहुंचे। उन्होंने निर्वाचन पदाधिकारियों के समक्ष मशहूर शायर जफ़र रौफ़ी के परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची से काटे जाने पर आपत्ति दर्ज करवाई और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़े :- कांग्रेस नेता का आरोप- SIR के बहाने जनता को गुमराह कर रही भाजपा
इस दौरान जफ़र रौफ़ी के बेटे नदीम रौफ़ी भी मौजूद रहे। उन्होंने अपने सभी दस्तावेज निर्वाचन पदाधिकारी को प्रस्तुत किए। दस्तावेज देखने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने दो अधिकारियों को मौके पर जांच करने के निर्देश दिए और जल्द से जल्द नाम मतदाता सूची में जोड़ने का आश्वासन दिया।
पूर्व महापौर एजाज ढेबर ने बताया कि उनके वार्ड के लगभग 25 ऐसे पात्र मतदाता हैं जिनका नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में मौजूद था और जिनके दस्तावेज भी उपलब्ध हैं, लेकिन SIR प्रक्रिया के दौरान उनके नाम सूची में नहीं मिले। उन्होंने कहा कि इस गंभीर लापरवाही को लेकर आज उन्होंने निर्वाचन पदाधिकारी से विस्तृत चर्चा की है, जिसके बाद उम्मीद है कि सभी 25 लोगों के नाम शीघ्र ही मतदाता सूची में जोड़ दिए जाएंगे।
इसके साथ ही पूर्व महापौर ने SIR प्रक्रिया में उन्होंने कहा कि ज़मीनी स्तर पर बीएलओ द्वारा सहयोग नहीं मिल रहा है, जिसके कारण सही जानकारी सूची में नहीं जुड़ पा रही। उन्होंने सुझाव दिया कि सभी वार्डों के जनप्रतिनिधियों और पार्षदों को इस प्रक्रिया में शामिल किया जाए, जिससे SIR की प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू रूप से पूरी हो सके।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से न सिर्फ समस्याओं का समाधान तेजी से होगा, बल्कि पात्र मतदाताओं के नाम कटने जैसी गंभीर त्रुटियों से भी बचा जा सकेगा।



