रायपुर। दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदूषण विरोधी प्रदर्शन के दौरान लगाए गए ‘हिड़मा जिंदाबाद’ के नारों पर छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा का बयान सामने आया है। वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि प्रदर्शन में शामिल छोटे बच्चे वास्तविकता समझे बिना बातें कर रहे हैं।
यह भी पढ़े :- हथियार छोड़ेंगे नक्सली! महाराष्ट्र-एमपी-छत्तीसगढ़ सरकारों को संघर्ष विराम की औपचारिक सूचना, 15 फरवरी तक मांगा समय
“बच्चे उन बातों को कह रहे हैं, जिन्हें कभी देखा–समझा नहीं”
गृह मंत्री शर्मा ने कहा-
“मैंने वीडियो देखा है। इसमें छोटे-छोटे बच्चे हैं, जो विभिन्न भावों से भरे हुए हैं, जो बिल्कुल अनुकूल नहीं है। वे जिन मुद्दों पर बात कर रहे हैं—जनता सरकार, सस्टेनेबल खेती, पर्यावरण संरक्षण—इन सबको उन्होंने न देखा है, न समझा है।”
उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठकर इस तरह की बातें करने से लोगों को गुमराह नहीं किया जा सकता।
“छत्तीसगढ़ आकर देखें, मैं व्यवस्था करा दूंगा”
गृह मंत्री ने बच्चों को आमंत्रित करते हुए कहा-
“वे चाहे तो छत्तीसगढ़ आकर देख लें। मुझे सूचना दें, मैं सभी व्यवस्थाएं कर दूंगा। उन्हें बस्तर के 25 वर्षों का बदलाव देखना चाहिए।”
“पहले बस्तर में न शासन था, न सड़क–पानी; अब काम तेजी से बढ़ा”
शर्मा ने कहा कि पहले बस्तर के गांवों में न जनता सरकार की अवधारणा थी, न स्कूल, न अस्पताल, न आंगनबाड़ी, न बिजली, न पानी, न सड़क—कुछ भी उपलब्ध नहीं था।
“अब जाकर काम शुरू हुआ है और आगे बढ़ रहा है। बिना सोचे-समझे बातें कहना ठीक नहीं है,” उन्होंने कहा।
“कम उम्र है, देश के लिए बोलना अच्छी बात; पर सुनी-सुनाई पर टिप्पणी गलत”
गृह मंत्री ने कहा-
“वे कम उम्र के हैं। देश के लिए बोलना अच्छी बात है, इसमें कोई संदेह नहीं। लेकिन सुनी-सुनाई बातों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।”



